home page

सड़क मरम्मत की मांग को लेकर आमडांगा में टायर जलाकर प्रदर्शन

 | 
सड़क मरम्मत की मांग को लेकर आमडांगा में टायर जलाकर प्रदर्शन


उत्तर 24 परगना, 24 मई (हि. स.)। खराब सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर उत्तर 24 परगना जिले के आमडांगा इलाके में रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना आमडांगा के तृणमूल कांग्रेस संचालित बेड़ाबेड़िया पंचायत के गवर्नमेंट कॉलोनी इलाके की है।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि अधूरी पड़ी सड़क निर्माण और मरम्मत का काम तुरंत पूरा किया जाए। सड़क जाम के कारण इलाके में यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। सूचना पाकर आमडांगा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब नौ महीने पहले सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ था, लेकिन बीच में ही काम बंद कर दिया गया। सड़क के कई हिस्सों से पिच उखड़ चुकी है और पत्थर बाहर निकल आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत अब बेहद खराब हो चुकी है, जिससे रोजाना आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर फैले पत्थरों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि कई बार पंचायत प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय निवासी दीपक विश्वास ने कहा कि सड़क की तत्काल मरम्मत होनी चाहिए। इसकी हालत इतनी खराब है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क को यातायात योग्य नहीं बनाया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय