कनाईपुर में तालाब से शव बरामद, हत्या या हादसा—जांच में जुटी पुलिस
हुगली, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के कोन्ननगर के कनाईपुर इलाके में नाइटी रोड इलाके में लोकनाथ बाबा के मंदिर के पास गुरुवार शाम एक तालाब से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से सनसनी फ़ैल गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर कनाईपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
कनाईपुर चौकी की पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इलाके के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके। शुक्रवार को श्रीरामपुर वाल्श अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

