मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर उत्तराखंड में 12 से 14 जून तक होंगे जनसंपर्क और जनकल्याण कार्यक्रम
देहरादून, 9 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में राज्यभर में जनसंपर्क, जनजागरूकता और जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाए। बयान में कहा गया है कि 12 से 14 जून तक प्रदेशभर में उपलब्धि प्रदर्शनी (अचीवमेंट एग्जीबिशन) आयोजित की जाएगी। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विकासखंड स्तर पर जन कल्याण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के लाभार्थियों तथा आम नागरिकों से संवाद किया जाएगा। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने और जनसमस्याओं के समाधान पर भी ध्यान दिया जाएगा।
12 जून को सभी जनपदों में जिला स्तरीय प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तथ्यपरक प्रस्तुतीकरण तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसे विभिन्न माध्यमों से आम जनता तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री अपने-अपने जनपदों में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद करेंगे तथा सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं और राज्य सरकार भी उनके मार्गदर्शन में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

