home page

हाईटेंशन दुर्घटना में दोनों हाथ गंवा चुके मनीष के परिवार को मिला प्रशासनिक सहारा

 | 
हाईटेंशन दुर्घटना में दोनों हाथ गंवा चुके मनीष के परिवार को मिला प्रशासनिक सहारा


देहरादून, 24 मई (हि.स.)। मानवीय संवेदनाओं और त्वरित जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने ब्रह्मपुरी निवासी दिव्यांग मनीष शर्मा के परिवार को राहत प्रदान की है। जिला प्रशासन ने रायफल क्लब फंड से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

मनीष शर्मा, जिन्होंने लगभग एक वर्ष पूर्व हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ रहे चार बच्चों की जान बचाई थी, गंभीर दुर्घटना में घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण दोनों हाथों का ऑपरेशन कर उन्हें स्थायी रूप से दिव्यांग घोषित किया गया। इसके बाद से वे आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

वर्तमान में मनीष शर्मा अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी व्यथा साझा करते हुए आर्थिक सहयोग की मांग की थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशासन ने परिवार को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ करने को कहा है, ताकि उन्हें दीर्घकालिक राहत मिल सके।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मनीष शर्मा के बच्चों की शिक्षा का दायित्व जिला प्रशासन द्वारा वहन किए जाने का आश्वासन दिया है, जिससे बच्चों के भविष्य पर आर्थिक संकट का प्रभाव न पड़े।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि समाज में साहसिक कार्य करने वाले व्यक्तियों को समय पर सहयोग और सुरक्षा प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। इस पहल को स्थानीय स्तर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, और इसे जरूरतमंद परिवार के जीवन में महत्वपूर्ण सहारा माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय