गंगा दशहरा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट
हरिद्वार, 24 मई (हि.स.)। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर 25 मई को हरिद्वार में आयोजित होने वाले पवित्र स्नान को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को 02 सुपर जोन 11 जोन एवं 27 सेक्टरों में विभाजित करते हुए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशीलता, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा पर्व पर देशभर से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन व भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है।
हर की पैड़ी और प्रमुख घाटों पर विशेष निगरानी
हर की पैड़ी जोन में मनीष कुमार सिंह (सचिव, हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण) को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इस जोन के अंतर्गत हर की पैड़ी, महिला घाट, संजय पुल सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
मालवीय दीप क्षेत्र के लिए मनजीत सिंह उप मेला अधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जबकि कांगड़ा पुल और शिव पुल क्षेत्रों में अलग-अलग सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
सुभाष घाट जोन में दयानंद सरस्वती को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है, जहां सुभाष घाट, मोती बाजार, बड़ा बाजार और विष्णु घाट क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारी निगरानी रखेंगे।
मंदिर क्षेत्रों में भी कड़ी व्यवस्था
मनसा देवी जोन में जितेन्द्र कुमार को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। यहां मनसा देवी मंदिर, हिल बाईपास मार्ग और पैदल मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
चंडी देवी जोन में वेद प्रकाश को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। कालीमाता तिराहा, चंडी घाट पार्किंग, चिड़ियापुर बैरियर तथा चंडी देवी मंदिर क्षेत्र में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
पार्किंग, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण पर जोर
अपर रोड, ऋषिकुल मैदान, खड़खड़ी-सप्तऋषि, रोडी बेलवाला, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में अलग-अलग जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने पार्किंग स्थलों, मुख्य मार्गों और बैरियर क्षेत्रों में भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कंट्रोल रूम स्थापित
रोशनाबाद स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में 24 मई से 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसकी प्रभारी श्रीमती मीरा रावत होंगी। अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) फिंचा राम चौहान को संपूर्ण जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रखने व नगर निगम को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और गंगा दशहरा स्नान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

