भारत विकास परिषद पंचपुरी शाखा की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
हरिद्वार, 24 मई (हि.स.)। भारत विकास परिषद समाज में संपर्क, संस्कार, सहयोग, सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए सेवा प्रकल्पों के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। यह विचार परिषद की प्रांतीय अध्यक्ष मनीषा सिंघल ने व्यक्त किए। वे यहां शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधन कर रही थी
भगत सिंह चौक के समीप स्थित एक होटल में भारत विकास परिषद की हरिद्वार नगर(पंचपुरी शाखा) की नवनियुक्त कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि मनीषा सिंघल ने कहा कि व्यक्ति संगठन के प्रति समर्पित रहकर ही मानवता और समाज सेवा के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर सकता है। परिषद की जगदम्बा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्रीय सचिव बी पी गुप्ता ने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता अपने व्यस्त जीवन के बावजूद गरीब एवं वंचित लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
पंचपुरी शाखा के नवनियुक्त अध्यक्ष कुशल श्रीवास्तव ने अध्यक्ष चुने जाने पर सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन की उन्नति के लिए कार्य करेंगे। इससे पूर्व अधिष्ठापन अधिकारी एवं प्रांतीय सचिव संजय गर्ग ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में प्रांतीय उपाध्यक्ष ललित पांडे, संगठन सचिव निखिल वर्मा, प्रांतीय संयोजक प्रचार एवं प्रसार कुशल पाल सिंह चौहान, अनिल जैन, अमित सैनी, अजय कुमार श्रीवास्तव, द्विजेंद्र पंत, अमित गुप्ता, सचिन नामदेव, ललित मोहन जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

