home page

हरिद्वार में जमीन को लेकर जंग: बहादराबाद में आमने-सामने आए दो पक्ष

 | 
हरिद्वार में जमीन को लेकर जंग: बहादराबाद में आमने-सामने आए दो पक्ष


हरिद्वार, 09 जून (हि.स.)। बहादराबाद क्षेत्र में विवादित भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। जमीन पर कब्जे और स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद के चलते दोनों पक्ष बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से शनि मंदिर के पास स्थित एक भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि एक पक्ष ने भूमि पर अपना दावा जताते हुए वहां रॉयल प्रॉपर्टी डेवलपर्स के बैनर लगाकर कब्जे का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलने पर दूसरे पक्ष ने पुलिस और प्रशासन को शिकायत दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंच गई।

स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को विवादित स्थल से हटाया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम कराई। पुलिस ने कब्जे के लिए पहुंचे लोगों को वहां से हटाकर किसी भी प्रकार के टकराव की संभावना को समाप्त किया।

विवाद को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में कई थानों की पुलिस तैनात की गई है और विवादित भूमि के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है तथा किसी भी पक्ष को बिना अनुमति विवादित स्थल पर प्रवेश करने से रोका गया है।

मौके पर पुलिस द्वारा लगातार मुनादी कर लोगों को चेतावनी दी गयी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि एसडीएम के निर्देशों के अनुसार दोनों पक्षों को विवादित भूमि से दूर रहने और कानून अपने हाथ में न लेने की हिदायत दी गई है।

भूमि पर कब्जे और स्वामित्व को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। मामले से जुड़े विवाद विभिन्न न्यायालयों में भी विचाराधीन हैं। दोनों पक्षों को भूमि संबंधी दस्तावेजों के साथ प्रशासन के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एहतियातन रातभर भी मौके पर पुलिस बल तैनात रखा गया और हालात पर लगातार नजर बनाए रखी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला