सब्सिडी के गैस सिलेंडरों की संख्या घटाने के फैसले पर युवा कांग्रेस का सरकार पर हमला
हल्द्वानी , 09 जून (हि.स.)। युवा कांग्रेस उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की संख्या कम किए जाने के फैसले की कड़ी आलोचना की है।
साहू ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है। उन्होंने कहा कि महंगाई पहले से ही आम जनता की कमर तोड़ रही है, ऐसे में सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या 9 से घटा कर चार करना गरीब परिवारों के हितों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा, “उज्ज्वला योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना था, लेकिन अब सब्सिडी में कटौती से लाखों परिवारों को महंगे दामों पर गैस सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इससे घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ेगा और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी।साहू ने केंद्र सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने तथा गरीब परिवारों को पहले की तरह पर्याप्त संख्या में सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

