home page

जनसमस्याओं काे लेकर सपाइयों का तहसील पर प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

 | 
जनसमस्याओं काे लेकर सपाइयों का तहसील पर प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन


मीरजापुर, 09 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जनपद मीरजापुर में चुनार तहसील मुख्यालय पर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव रामराज सिंह पटेल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं तथा क्षेत्र की बदहाल सड़कों समेत कई मुद्दों को उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और किसान खेती-किसानी से जुड़ी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है।

सपाइयों ने चुनार क्षेत्र में जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने तथा लंबे समय से बंद पड़े पोस्टमार्टम हाउस को पुनः संचालित करने की भी मांग उठाई। नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए कई बार आवाज उठाई गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अपेक्षित पहल नहीं की। धरना-प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इसके उपरांत उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समय रहते निराकरण नहीं किया गया तो पार्टी भविष्य में व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा