home page

सुहेलदेव की शौर्य गाथा पर निकला विजय जुलूस, अनिल राजभर ने इतिहास को लेकर दिया बड़ा बयान

 | 
सुहेलदेव की शौर्य गाथा पर निकला विजय जुलूस, अनिल राजभर ने इतिहास को लेकर दिया बड़ा बयान


मीरजापुर, 09 जून (हि.स.)। महाराजा सुहेलदेव राजभर की शौर्य गाथा के उपलक्ष्य में मंगलवार को जमालपुर क्षेत्र में विजय जुलूस का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के नेतृत्व में निकला यह जुलूस सिकंदरपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर संपन्न हुआ।

ब्लॉक परिसर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी विचारधारा से जुड़े इतिहासकारों ने महाराजा सुहेलदेव के गौरवशाली इतिहास को दबाने का प्रयास किया, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार महापुरुषों को सम्मान दिलाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि समाज के वीर योद्धाओं ने समय-समय पर देश और सनातन धर्म की रक्षा के लिए विदेशी आक्रमणकारियों का मुकाबला किया। महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांता सैयद सालार मसूद गाजी को पराजित कर राष्ट्र की रक्षा की थी। मंत्री ने कहा कि सैयद सालार मसूद गाजी की मजार के नीचे सूर्य कुंड होने की बात कही जाती है। इसकी जांच पुरातत्व विभाग से कराई जाएगी और यदि इसकी पुष्टि होती है तो सरकार आवश्यक कार्रवाई पर विचार करेगी।

कैबिनेट मंत्री ने यह भी घोषणा की कि जनपद में स्वतंत्रता सेनानी मंगल बियार का स्मारक बनाया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिले और वे समाज व राष्ट्र सेवा के लिए आगे बढ़ें।

इससे पूर्व उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त मंत्री शिवमंगल बियार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान एक विवाद भी सामने आया। ब्लॉक प्रमुख मंजू सिंह और उनके पति पूर्व ब्लॉक प्रमुख आनंद सिंह बंटू ने आरोप लगाया कि थाना मोड़ तिराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनकी गाड़ी को कार्यक्रम स्थल की ओर जाने से रोक दिया। इसको लेकर पुलिसकर्मियों और ब्लॉक प्रमुख पक्ष के बीच नोकझोंक भी हुई। ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया कि पुलिस के व्यवहार के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं। मामले की शिकायत उन्होंने क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव से की है।

कार्यक्रम में शिवनाथ सरदार, डॉ. दिलीप बियार, अनिल मिश्रा, सुजीत सिंह, विजय कुमार गोंड, सोहन बियार, नरसिंह चौहान, किशन बियार, पवन बियार, चंदन बियार व सीता बियार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा