पुलिस भर्ती परीक्षा: 1950 परीक्षार्थियों ने छाेड़ी परीक्षा
औरैया 9 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दूसरे दिन पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 10 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। प्रशासन की सख्ती और चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच दोनों पालियों को मिलाकर कुल 1950 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया।
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।
सुबह की पहली पाली में कुल 4320 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3316 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 1004 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
इसी प्रकार दूसरी पाली में भी 4320 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसमें 3374 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 946 ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह दोनों पालियों के आंकड़े मिलाकर कुल 1950 छात्र परीक्षा से गैरहाजिर रहे। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्रों का जायजा लेते हुए केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।
---------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

