home page

इसरो और भारतीय भू चुम्बकत्व संस्थान के समर स्कूल में डीडीयू की दो छात्राओं का चयन

 | 
इसरो और भारतीय भू चुम्बकत्व संस्थान के समर स्कूल में डीडीयू की दो छात्राओं का चयन


इसरो और भारतीय भू चुम्बकत्व संस्थान के समर स्कूल में डीडीयू की दो छात्राओं का चयन


गोरखपुर, 09 जून (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के भौतिकी विभाग की दो छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। एमएससी भौतिकी द्वितीय सेमेस्टर की छात्राएं तनिष्का पांडेय और आयुषी वर्मा का चयन भारतीय भू चुम्बकत्व संस्थान (आईआईजी), मुंबई एवं भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित प्रतिष्ठित समर स्कूल ऑन स्पेस वेदर कार्यक्रम के लिए हुआ है।

दोनों छात्राओं को यह अवसर भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. निखिल कुमार की अनुशंसा एवं मार्गदर्शन के आधार पर प्राप्त हुआ है। चयनित छात्राएं इस कार्यक्रम में अंतरिक्ष मौसम, भू चुम्बकत्व तथा अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ वैज्ञानिकों के निर्देशन में प्रशिक्षण एवं शोध कार्य करेंगी।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन, प्रतिकुलपति डॉ. शांतनु रस्तोगी तथा भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार तिवारी ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्राएं अपने ज्ञान और शोध क्षमता से संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करेंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्राओं का यह चयन न केवल उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि यह विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुसंधान की उत्कृष्ट परंपरा का भी प्रमाण है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय