home page

कानपुर मेट्रो : झकरकटी से नौबस्ता तक 07 स्टेशनों पर साइनेज और इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम किए गए इंस्टॉल

 | 
कानपुर मेट्रो : झकरकटी से नौबस्ता तक 07 स्टेशनों पर साइनेज और इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम किए गए इंस्टॉल


कानपुर, 09 जून। (हि.स.)। मेट्रो स्टेशनों के निर्माण में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। झकरकटी से नौबस्ता तक सभी स्टेशनों पर यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए आवश्यक साइनेज और पब्लिक इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम के इंस्टॉलेशन का काम पूरा कर लिया गया है। यात्री सेवाएं आरंभ करने से पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) की टीम द्वारा पूरे सेक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया जाता है। टीम के बाद सीएमआरएस द्वारा निरीक्षण भी संभावित है। सुरक्षा एवं संचालन संबंधी सभी मानकों के अनुरूप अनुमोदन प्राप्त होने के बाद कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवाओं के विस्तार का शुभारंभ कर दिया जाएगा। यह बातें मंगलवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी - नौबस्ता) के अंतर्गत कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता स्टेशन तक यात्री सेवाओं के विस्तार की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। शुरू होने जा रहे दो अंडरग्राउंड स्टेशन; झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर तथा पांच एलिवेटेड स्टेशन; बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए साइनेज या संकेतक लगा दिए गए हैं। इसके साथ ही इन स्टेशनों पर पब्लिक इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम यानी सार्वजनिक सूचना प्रदर्शन प्रणाली की व्यवस्था भी इंस्टॉल कर दी गई है।

मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) द्वारा आगामी दिनों में निरीक्षण और अनुमोदन के बाद शीघ्र ही मेट्रो यात्री सेवाओं का कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक विस्तार संभव हो सकता है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा से जुड़े सभी जरूरी इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मेट्रो स्टेशनों पर लगाए गए साइनेज यात्रियों को प्रवेश-निकास द्वार, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म आदि आवश्यक स्थानों तक पहुंचने में सहायता करेंगे। ये साइनेज दूर से भी स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। प्रत्येक स्टेशन पर इंस्टॉल किए गए इन साइनेज या संकेतकों की संख्या लगभग 300 है, जिन्हें स्टेशन के तीनों लेवल (ग्राउंड, कॉनकोर्स और प्लेटफॉर्म) पर लगाया गया है।

साइनेज या संकेतकों के साथ-साथ यात्री सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए स्टेशनों पर पब्लिक इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम यानी सार्वजनिक सूचना प्रदर्शन प्रणाली को भी इंस्टॉल कर दिया गया है। इस प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को स्क्रीन पर अगली ट्रेन के आगमन समय, प्लेटफॉर्म संख्या तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं रियल-टाइम में उपलब्ध होंगी। साथ ही, ट्रेन के आगमन में शेष समय की जानकारी भी प्रदर्शित होगी। एक नजर में मिलने वाली यह जानकारी अनाउंसमेंट सुनने में अक्षम मूक-बधिर दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष रूप से सहायक होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप