home page

माेदी और याेगी सरकार का मूल मंत्र है 'अंत्योदय' : रजनी तिवारी

 | 

उन्नाव, 24 मई (हि.स.)। सिकंदरपुर कर्ण स्थित परिमल वाटिका में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026' का समापन हुआ। शिविर के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं ने योग-साधना के साथ दिन की शुरुआत की और चार महत्वपूर्ण वैचारिक सत्रों में हिस्सा लेकर संगठन व सरकार की नीतियों का पाठ सीखा।

प्रशिक्षण के दशम सत्र को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने 'केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां' विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार का मूल मंत्र 'अंत्योदय' है। तिवारी ने अपने संबोधन में उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास और जल जीवन मिशन जैसी क्रांतिकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के हक का पैसा सीधे उनके खातों में जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इन ऐतिहासिक उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं ताकि 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

अष्टम सत्र में मुकेश शर्मा एमएलसी ने 'देश के समक्ष चुनौतियां और नैरेटिव' विषय पर कार्यकर्ताओं को विपक्ष के भ्रामक प्रचार का मजबूती से उत्तर देने के लिए प्रशिक्षित किया।

नवम सत्र में वर्ग प्रभारी श्री कृष्ण शास्त्री ने 'विचार परिवार' विषय पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को वैचारिक जड़ों से रूबरू कराया।

समापन सत्र में ओम प्रकाश श्रीवास्तव प्रदेश प्रभारी प्रकोष्ठ विभाग और पूर्व संगठन मंत्री ने 'कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन' की बारीकियां सिखाते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार किया।

प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने शिविर में आए सभी वरिष्ठ नेताओं, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता यहाँ से जो प्रशिक्षण प्राप्त कर और जो वैचारिक ऊर्जा लेकर जा रहे हैं, उसे अपने-अपने क्षेत्रों में क्रियान्वित करें। यहाँ सीखी गई संगठन की कार्यप्रणाली, चुनाव प्रबंधन की बारीकियां और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को अब हमें जन-जन तक पहुँचाना है। हर कार्यकर्ता एक नई शक्ति के साथ अपने बूथ को मजबूत करने के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगा।

दो दिवसीय इस गहन प्रशिक्षण महाअभियान का विधिवत समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। राष्ट्रगान के उपरांत 'भारत माता की जय' और 'वन्दे मातरम' के नारों से पूरा परिमल वाटिका परिसर गुंजायमान हो उठा। इसके पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक भोज किया और अपने-अपने क्षेत्रों की ओर प्रस्थान किया।

समापन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, विधायकगण पंकज गुप्ता, श्रीकांत कटियार, आशुतोष शुक्ला, बंबा लाल दिवाकर, अनिल सिंह, बृजेश रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी, राधे श्याम रावत प्रभान शंकर दीक्षित राज किशोर रावत निवर्तमान जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, अवध क्षेत्र प्रशिक्षण महाअभियान के क्षेत्रीय सह-संयोजक प्रियंक आर्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा भगवती प्रसाद रावत, पूर्व संगठन मंत्री केडी त्रिवेदी और वर्ग संयोजक सरोज सिंह चौहान जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह सहित जनपद के सभी प्रमुख पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित