home page

राहुल गांधी का बयान जनादेश का सीधा अपमान : पंकज चौधरी

 | 
राहुल गांधी का बयान जनादेश का सीधा अपमान : पंकज चौधरी


लखनऊ, 24 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए उस बयान की कड़ी आलोचना की है, जिसमें उन्होंने कहा है कि “अगले एक वर्ष में मोदी सरकार गिर जाएगी।” चौधरी ने कहा कि यह बयान लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सीधा अपमान है।

उन्होंने कहा कि लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनादेश पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। जब-जब देश की जनता ने कांग्रेस को नकारा है, तब-तब कांग्रेस नेतृत्व ने आत्ममंथन करने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया है। राहुल गांधी का यह बयान भी उसी मानसिकता का परिचायक है, जिसमें सत्ता प्राप्ति के लिए भय, भ्रम, अविश्वास और अराजकता का वातावरण तैयार करने की कोशिश की जाती है।

चौधरी ने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को स्पष्ट और मजबूत जनादेश दिया है। यह जनादेश केवल सरकार बनाने का नहीं, बल्कि विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और विश्वगुरु भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का जनादेश है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल यह भलीभांति जानते हैं कि लोकतांत्रिक तरीके से भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करना उनके लिए लगातार कठिन होता जा रहा है, इसलिए वे जनता के विश्वास को कमजोर करने के लिए नकारात्मक राजनीति का सहारा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक, सामरिक, तकनीकी और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस नेताओं द्वारा विदेशी मंचों पर जाकर भारत की आलोचना करना, संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास प्रकट करना और हर सकारात्मक उपलब्धि पर प्रश्नचिह्न लगाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह आचरण केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि राष्ट्रहित के ऊपर सत्ता की राजनीति को प्राथमिकता देने वाली मानसिकता को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन