वीडियो के माध्यम से जागरूक कर साइबर अपराधियों से लोगों को सुरक्षा प्रदान करेगी नोएडा पुलिस
नोएडा, 09 जून (हि.स.)। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने एक बार फिर व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके लिए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए एआई वीडियो से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मंगलवार शाम को बताया कि अभियान के तहत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से नियमित रूप से साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी, वीडियो, संदेश और जागरूकता सामग्री प्रसारित की जाएगी। इसका मकसद लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों का शिकार बनने से बच सकें। वर्तमान समय में डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म का उपयोग तेजी से बढ़ा है। साइबर अपराधियों ने भी लोगों को ठगने के नए-नए तरीके विकसित कर लिए हैं। ऐसे में आम नागरिकों का जागरूक होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया इम्पर्सोनेशन, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, साइबर बुलिंग और अन्य साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी जाएगी। पुलिस यह भी बताएगी कि किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, बैंकिंग जानकारी साझा करने या अनजान लोगों के झांसे में आने से कैसे बचा जाए। अधिकारियों के मुताबिक इस अभियान का मुख्य उद्देश्य साइबर सुरक्षा को लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। इसके तहत डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों को सरल और व्यवहारिक तरीके से समझाया जाएगा। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सामग्री आम लोगों के लिए आसानी से समझने योग्य होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

