दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं अधिकारों के लिए गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन अपराजेय
नोएडा, 09 जून (हि.स.)। नोएडा पुलिस ने दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं उनके अधिकारों की रक्षा हेतु ऑपरेशन अपराजेय की मंगलवार से शुरुआत की है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर के प्रत्येक थाना में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से दिव्यांग बच्चों का विवरण, उनके माता-पिता, अभिभावकों का नाम एवं पता, का रिकार्ड संपूर्ण गोपनीयता के साथ तैयार किया जाएगा। संबंधित महिला बीट अधिकारी के कर्तव्य लिस्ट में इसे जोड़ा जा रहा है। वह प्रत्येक 15 दिवस में बच्चों/ अभिभावकों तथा केयरटेकर से संपर्क कर उनके कुशल क्षेम की जानकारी लेंगी। उन्होंने बताया की आवश्यकता होने पर बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षित अस्पताल में समुचित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में सबको जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति केंद्र द्वारा बच्चों की देखभाल हेतु नियुक्त केयरटेकर का संपूर्ण विवरण एवं उनके द्वारा देखभाल किये जा रहे बच्चों की सूची का रिकॉर्ड रखा जाएगा। केयरटेकर का 15 दिवस के भीतर चरित्र सत्यापन जरूर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा एवं गरिमा से संबंधित किसी भी प्रकार की संभावित घटनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि दिव्यांग बच्चों की देखभाल हेतु अंतर विभागीय समन्वय स्थापित कर नेबर हुड सिक्योरिटी प्लान तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिव्यांग बच्चों अथवा उनके अभिभावकों की सहायता, शिकायत एवं परामर्श सेतु पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर द्वारा हेल्पलाइन जारी की गई है। इसका नंबर 8595902539 है। उन्होंने बताया कि इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति दिव्यांग बच्चों के बारे में कोई आवश्यक सूचना दे सकता है।
उन्होंने बताया कि इस कार्ययोजना के अंतर्गत प्रारंभिक चरण में कमिश्नर गौतम बुद्ध नगर के कुल 1645 बच्चों को चिन्हित किया है। इन बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण, स्वास्थ्य एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित करने हेतु नियमित निगरानी, संवाद एवं आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन महिला बीट अधिकारियों द्वारा संचालित किया जाएगा। इसके लिए मैक्स हॉस्पिटल और एमिटी यूनिवर्सिटी से संबंधित विभाग के विशेषज्ञों द्वारा सभी पुलिसकर्मियों को इस सप्ताह व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद यह कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्य योजना दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं उनके अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि यह गौतम बुद्ध नगर पुलिस का एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रयास है। इसके माध्यम से बच्चों के नियमित देखभाल, निगरानी एवं अंतर विभागीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

