home page

बकरीद पर गौकशी रोकने को गौ रक्षक दल हो रहा तैयार : शांडिल्य महाराज

 | 
बकरीद पर गौकशी रोकने को गौ रक्षक दल हो रहा तैयार : शांडिल्य महाराज


--कहा, अधिक मुस्लिम आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा बलों की हो तैनाती

प्रयागराज, 24 मई (हि.स)। आगामी ईद उल जुहा (बकरीद) के त्यौहार पर गौवंश की कुर्बानी रोके जाने की मांग लगातार जोर पकड़ती जा रही है। काशी, मथुरा और अयोध्या से लेकर प्रयागराज तक साधु-संत बकरीद पर गोवंश की हत्या रोके जाने की मांग कर रहे हैं। वहीं बकरीद के त्यौहार पर गौवंश का वध रोकने के लिए विश्व हिंदू परिषद की पहल का साधु संतों ने भी स्वागत किया है। साधु संतों ने सरकार से भी मांग की है कि इसी तरह की पहल सरकार की ओर से भी होनी चाहिए, ताकि गौवंश की कुर्बानी को रोका जा सके।

श्रृंगवेरपुर पीठाधीश्वर श्रीमद्जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी नारायणाचार्य शांडिल्य महाराज ने कहा है कि विश्व हिंदू परिषद बकरीद के मौके पर गौकशी को रोकने के लिए गौ रक्षक दल तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह से जहां पर मुस्लिम आबादी अधिक है उन इलाकों में सुरक्षा बलों की भी तैनाती की जानी चाहिए। ताकि बकरीद के त्यौहार पर गोवंश की कुर्बानी न की जा सके।

शांडिल्य महाराज ने कहा कि भारत भूमि पर किसी तरह से गौ हत्या उचित नहीं है। उन्होंने कहा है कि साधु-संत विश्व हिंदू परिषद को अपना समर्थन देते हैं। उन्होंने सरकार से भी ऐसे कड़े कदम उठाने की मांग की है जिससे किसी भी तरह से गौवंश का वध बकरीद पर न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र