home page

बैंक ऑफ इंडिया और गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने चलाई “स्वच्छ रामगढ़ ताल” जनपहल

 | 
बैंक ऑफ इंडिया और गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने चलाई “स्वच्छ रामगढ़ ताल” जनपहल


बैंक ऑफ इंडिया और गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने चलाई “स्वच्छ रामगढ़ ताल” जनपहल


गोरखपुर, 24 मई (हि.स.)।

स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का सुंदर संदेश देते हुए बैंक ऑफ इंडिया, आंचलिक कार्यालय गोरखपुर ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण के विशेष सहयोग से रविवार को नौका विहार एवं रामगढ़ ताल तट पर “स्वच्छ रामगढ़ ताल” जनपहल का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रामगढ़ ताल जैसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थल को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए आमजन को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के लिए सांसद रवि किशन से भी विशेष प्रेरणा प्राप्त हुई।

इस जनपहल के अंतर्गत नौका विहार के पैडलेगंज एंट्री प्वाइंट से पुलिस बूथ तक लगभग 2.5 किलोमीटर लंबे रामगढ़ ताल तटीय क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, गणमान्य नागरिकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए ताल परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया की ओर से आंचलिक प्रबंधक आशीष कुमार शर्मा, उप आंचलिक प्रबंधक सुनील कुमार ढाका सहित बड़ी संख्या में बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने न केवल स्वच्छता अभियान में भाग लिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

जनसामान्य में स्वच्छता के प्रति चेतना जगाने के लिए बैंक स्टाफ ने जागरूकता यात्रा भी निकाली गई। साथ ही गोरखपुर विकास प्राधिकरण के विशेष सहयोग से बैंक ऑफ इंडिया द्वारा तैयार “रामगढ़ ताल स्वच्छता गीत” का प्रसारण किया गया, जिसने अभियान को और अधिक प्रभावी तथा जनभावना से जोड़ने वाला स्वर प्रदान किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक, सामाजिक और मानवीय दायित्व है। रामगढ़ ताल गोरखपुर की पहचान, सौंदर्य और पर्यावरणीय धरोहर है। इसे स्वच्छ रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने कहा कि जब नागरिक स्वयं आगे आते हैं, तभी कोई शहर सचमुच स्वच्छ, सुंदर और जागरूक बनता है।

इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया द्वारा रामगढ़ ताल परिसर में कार्यरत 30 सफाई मित्रों के लिए एनपीएस खाते खोले जाने की पहल की गई है। इसकी प्रथम किस्त के रूप में प्रत्येक सफाई मित्र के खाते में 1000 रुपये बैंक स्टाफ के सहयोग से जमा किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य सफाई मित्रों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक संबल और भविष्य की सुरक्षा से जोड़ना है। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने गोरखपुर को स्वच्छ, सुंदर, हरित और जागरूक शहर बनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय