सीएम योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव पर विश्व हिंदू महासंघ ने निकाली बुलडोजर शौर्य यात्रा
-बस स्टैंड पर समाजसेवी रामबाबू गुप्ता ने पुष्प वर्षा कर किया यात्रा का स्वागत
-विश्व हिन्दू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति ने नेतृत्व में चित्रकूट पहुंची शौर्य यात्रा
-योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद बदली उत्तर प्रदेश की तकदीर -रामबाबू गुप्ता
चित्रकूट, 09 जून (हि.स.)। विश्व हिंदू महासंघ द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मोत्सव हिंदू स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में मंगलवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति के नेतृत्व में बुलडोजर शौर्य यात्रा निकाली गईं। उसका बस स्टैंड में भाजपा जिला मंत्री एवं समाजसेवी रामबाबू गुप्ता ने पुष्प वर्षा कर और मिठाई बांटकर स्वागत किया गया।
इस मौके पर विश्व हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति ने कहा कि गोरक्ष पीठाधीश्वर, लोक सन्यासी योगी आदित्यनाथ का जन्मोत्सव 5 जून से 11 जून तक हिंदू स्वाभिमान दिवस के रूप में पूरे देश और प्रदेश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में योगी जी की सरकार बनी है प्रदेश में कानून का राज कायम हुआ है और गुंडा और माफिया राज का खात्मा हुआ है। योगी आदित्यनाथ की सरकार में उत्तर प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री है जिसकी सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है।
चित्रकूट की पुरानी कोतवाली परिसर से शुरू हुई बुलडोजर शौर्य यात्रा के बस स्टैंड पहुंचने पर भाजपा के जिला मंत्री एवं समाजसेवी रामबाबू गुप्ता ने भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, महामंत्री गुलाब गुप्ता, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हीरो मिश्रा, नगर अध्यक्ष रवि गुप्ता, नरेश केसरवानी और हर्ष गुप्ता, शंकर यादव आदि सैकड़ों लोगों के साथ पुष्प वर्षा कर शौर्य यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर समाजसेवी रामबाबू गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सनातन धर्म और आस्था के गौरव हैं। उन्होंने कहा कि योगीराज में व्यापारियों को भ्रष्टाचार और गुंडाराज से मुक्ति मिली है। 2017 के पहले डकैतों एवं गुंडों-माफियाओं के आतंक के कारण व्यापारियों का कारोबार चौपट था। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद उत्तर प्रदेश में विकास की बयार बह रही है। उन्होंने भगवान श्री कामतानाथ सरकार से योगी जी के दीर्घायु होने की कामना करते हुए सैकड़ों लोगों को मिठाई बांटकर योगी जी के जन्मदिन की बधाई दी। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य ने भी योगी आदित्यनाथ को विकास पुरुष बताते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस मौके पर बांदा की पूर्व चेयरमैन विनोद जैन आदि सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

