प्रेरणा केंटीन से 94 हजार का खाना मुफ्त में खा गए विकास भवन के अधिकारी
बागपत, 09 जून (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के बागपत जिले के विकास भवन परिसर में चल रही प्रेरणा कैंटीन को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कैंटीन की महिला संचालिका ने आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी पिछले करीब चार वर्षों से चाय-नाश्ता और भोजन लेते रहे, लेकिन 8 माह से करीब 94 हजार रुपये का भुगतान नहीं किया। भुगतान मांगने पर धमकी दी जा रही है।
बागपत जिले में कबीर स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष और कैंटीन संचालिका बिमलेश का कहना है कि जैसे ही बकाया राशि की मांग की जाती है, उन्हें कैंटीन खाली कराने की धमकी दी जाती है। उनका दावा है कि कई बार नोटिस भी थमाए गए। संचालिका के मुताबिक, बकाया बढ़ने से कैंटीन चलाना मुश्किल हो गया है। हालात यह हैं कि कभी-कभी लकड़ियां बीनकर खाना बनाना पड़ता है। वहीं, राशन और खाद्य सामग्री देने वाले सप्लायर भी भुगतान के लिए दबाव बना रहे हैं।
गाैरतलब है कि प्रेरणा कैंटीन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। ऐसे में यह मामला सामने आने के बाद योजना के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। 2 से 3 दिन में बकाया भुगतान कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आगे से उधारी पर सामान न देने को भी कहा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

