home page

डीडीसीए हॉट वेदर टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ,प्रियांश, हिम्मत सिंह समेत कई सितारे लेंगे हिस्सा

 | 
डीडीसीए हॉट वेदर टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ,प्रियांश, हिम्मत सिंह समेत कई सितारे लेंगे हिस्सा


नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने मंगलवार को राजधानी के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक क्रिकेट टूर्नामेंटों में से एक डीडीसीए हॉट वेदर टूर्नामेंट 2026 का आधिकारिक शुभारंभ किया।

दशकों से दिल्ली क्रिकेट की पहचान बने इस टूर्नामेंट में इस बार 36 क्लब टीमें नॉकआउट प्रारूप में खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

इस वर्ष टूर्नामेंट को और आकर्षक बनाने के लिए पुरस्कार राशि में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। प्रतियोगिता में दिल्ली क्रिकेट और लीग क्रिकेट के कई चर्चित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें आईपीएल स्टार प्रियांश आर्य, हिम्मत सिंह और दिल्ली घरेलू क्रिकेट व दिल्ली प्रीमियर लीग के कई खिलाड़ी शामिल हैं।

टूर्नामेंट का उद्घाटन डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने किया। इस अवसर पर डीडीसीए एपेक्स काउंसिल, लीग समिति के सदस्य, क्लब प्रतिनिधि और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

रोहन जेटली ने कहा कि हॉट वेदर टूर्नामेंट दिल्ली क्रिकेट की विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और वर्षों से इस प्रतियोगिता ने शहर को कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर दिए हैं।

उन्होंने कहा,यह टूर्नामेंट दिल्ली क्रिकेट के इतिहास में विशेष स्थान रखता है। वर्षों से यह प्रतियोगिता शहर की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को एक मंच देती रही है। क्लब क्रिकेट ही दिल्ली क्रिकेट की नींव है और ऐसे टूर्नामेंट उसी व्यवस्था को मजबूत करते हैं।

डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा ने कहा कि यह संघ का सबसे पुराना टूर्नामेंट है और पिछले लगभग 50 वर्षों से उन्होंने इसकी यात्रा देखी है।

उन्होंने कहा,दिल्ली के हर दौर के क्रिकेटरों का सपना इस प्रतियोगिता में खेलना रहा है। गौतम गंभीर, वीरेंद्र सहवाग से लेकर विराट कोहली तक कई बड़े खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है। दिल्ली की गर्मी में क्रिकेट खेलना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन यही इस प्रतियोगिता की खास पहचान है।

कार्यक्रम में द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता राजकुमार शर्मा भी मौजूद रहे, जिन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को शुरुआती दिनों में प्रशिक्षण दिया था।

परंपरागत सफेद पोशाक और लाल गेंद के साथ खेले जाने वाला यह टूर्नामेंट क्लब क्रिकेट की मूल भावना को बनाए रखते हुए खिलाड़ियों को दबाव वाले मुकाबलों का अनुभव देता रहेगा।

प्रतियोगिता दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न मैदानों पर आयोजित होगी और हर मैच सडन-डेथ (नॉकआउट) प्रारूप में खेला जाएगा।

प्रमुख आयोजन स्थल:

मुंडका क्रिकेट ग्राउंड, घेवरा

छत्तर सिंह क्रिकेट ग्राउंड, जिंदपुर

अरिहंत क्रिकेट अकादमी, छावला

हरियाणा क्रिकेट अकादमी, छावला

टैलेंट स्पोर्ट्स ग्राउंड, छावला

सिटी जिमखाना अकादमी, पावी

रामजस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटेल नगर

शिवाजी कॉलेज, राजौरी गार्डन

ओम क्रिकेट ग्राउंड, बख्तावरपुर

चौधरी श्याम सिंह क्रिकेट ग्राउंड, हिरनकी

सेंट स्टीफेंस कॉलेज, मोरी गेट

गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज, पीतमपुरा

सेंट्रल सेक्रेटेरिएट ग्राउंड, विनय मार्ग

एसेक्स फार्म्स, छावला

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे