home page

आईपीएल 2026 : दिल्ली की जीत के साथ लीग चरण का समापन, कोलकाता को 40 रन से हराया

 | 

कोलकाता, 24 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लीग चरण का समापन दिल्ली कैपिटल्स की प्रभावशाली जीत के साथ हुआ। ईडन गार्डन्स में खेले गए आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हराकर टूर्नामेंट का सफर सकारात्मक अंदाज में समाप्त किया। हालांकि दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थीं, लेकिन मुकाबले में प्रतिस्पर्धा और रोमांच देखने को मिला।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 203 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से केएल राहुल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सबसे अधिक 60 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान आकर्षक शॉट्स खेलते हुए रन गति को लगातार बनाए रखा।

कप्तान अक्षर पटेल (39 रन) ने भी उपयोगी योगदान देते हुए महत्वपूर्ण रन जोड़े, जबकि मध्यक्रम में डेविड मिलर (28) और आशुतोष शर्मा (18) ने अंतिम ओवरों में तेज बल्लेबाजी कर टीम को 200 रन के पार पहुंचाया।

204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत दबाव में रही। हालांकि कप्तान अजिंक्य रहाणे (63) ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया और टीम को संभालने का प्रयास किया। मनीष पांडे (25) और रोवमन पॉवेल (29) ने भी कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य से दूर रह गई।

दिल्ली की गेंदबाजी भी पूरे मैच में प्रभावशाली रही। लुंगी एनगिडी और कुलदीप यादव ने नियमित अंतराल पर 3-3 विकेट निकालकर कोलकाता के बल्लेबाजी क्रम को दबाव में रखा। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी दो अहम सफलताएं हासिल कीं।

इस बीच दिन के पहले मुकाबले में राजस्थान की जीत ने प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ कर दी। इसके बाद राजस्थान ने अंतिम स्थान हासिल किया, जबकि बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद पहले ही अंतिम चार में जगह बना चुके थे।

दिल्ली ने भले ही प्लेऑफ का टिकट नहीं पाया, लेकिन अंतिम मैच में मिली यह जीत टीम के लिए सम्मानजनक विदाई साबित हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय