नंद महोत्सव पर नाथद्वारा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
राजसमंद, 24 मई (हि.स.)। राजसमंद जिले के नाथद्वारा स्थित वल्लभ संप्रदाय की प्रधान पीठ एवं विश्व प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर में रविवार को नंद महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। अधिक मास यानी पुरुषोत्तम मास के तहत चल रहे विशेष मनोरथ दर्शन के अंतर्गत नंद महोत्सव के विशेष दर्शन आयोजित किए गए, जिनका लाभ लेने के लिए हजारों श्रद्धालु नाथद्वारा पहुंचे।
रविवार और ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते मंदिर परिसर एवं नगर में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। राजभोग झांकी के बाद सायंकाल सांझी मनोरथ के दर्शन में भी श्रद्धालुओं का रैला उमड़ा। इसके चलते बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। मंदिर में दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जमादार विट्ठल सनाढ्य के नेतृत्व में सेवाकर्मियों ने व्यवस्थाएं संभाली। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दोनों दर्शन निर्धारित समय से काफी देर तक खुले रखे गए। दर्शन के लिए पहुंचे कई श्रद्धालु अपने घर के ठाकुरजी को विशेष श्रृंगार कर साथ में लेकर पहुंचे। वहीं एक महिला अपने नन्हे कान्हा को आकर्षक वेशभूषा में सजाकर मंदिर दर्शन कराने पहुंची, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Giriraj Soni

