home page

ट्रेलर ने बाइक को रौंदा, दो मासूम समेत तीन की मौत

 | 
ट्रेलर ने बाइक को रौंदा, दो मासूम समेत तीन की मौत


राजसमंद, 24 मई (हि.स.)। जिले के आमेट क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आमेट-देवगढ़ स्टेट हाईवे पर सेलागुड़ा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

हादसा आसन गांव स्थित चंद्रभागा नदी के पुल पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आमेट थाना प्रभारी ओमसिंह चुंडावत ने बताया कि नगर पालिका कॉलोनी निवासी मुकेश जोशी (40) पुत्र हस्तीमल जोशी अपनी बहन मधुबाला, भतीजे कुलदीप (7), भांजे लक्षदीप (3) और भांजी चारू के साथ बाइक पर ढेलाना भेरूजी देवस्थान में दर्शन के लिए जा रहे थे।

इसी दौरान देवगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मुकेश जोशी, कुलदीप तथा लक्षदीप ट्रेलर के नीचे फंस गए। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ट्रेलर के अगले पहियों के नीचे बाइक फंस गई थी, जबकि शव भी वाहन के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद शवों को ट्रेलर के नीचे से बाहर निकाला गया। हादसे में घायल मधुबाला और चारू गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।

हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है।

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए आमेट-देवगढ़ स्टेट हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सुचारू कराया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों, जिनमें दो मासूम बच्चे शामिल हैं, की मौत से परिजन बेसुध हैं।

घटना की खबर मिलते ही आमेट और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। मासूम बच्चों की मौत की खबर सुनकर हर कोई स्तब्ध नजर आया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर भारी वाहनों की गति नियंत्रण और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित