प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मंदिरों में होंगी विशेष प्रार्थनाएं:देवस्थान मंत्री कुमावत
जयपुर, 09 जून (हि.स.)। केंद्र की भाजपा सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल की पूर्णता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 10 जून को पूरे राजस्थान में विशेष पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, यश और मंगल की कामना की जाएगी। इस राज्यव्यापी आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए राजस्थान के देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने मंगलवार को शासन सचिवालय में देवस्थान विभाग के उच्चाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
देवस्थान मंत्री कुमावत ने बताया कि केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह विशेष पहल की जा रही है। 10 जून को प्रदेश, जिला और उपखंड स्तर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा, आरती और प्रार्थना सभाएं होंगी। इसके लिए विभाग के अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी आयोजनों की निगरानी के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए। श्री कुमावत ने बताया कि इन मंगल आयोजनों में आम जनता, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। गर्मी के मौसम को देखते हुए मंदिरों में पेयजल, छांव, साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने बताया कि राज्य स्तर पर जयपुर के मोती डूंगरी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का कार्यक्रम होगा। इसमें मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, प्रदेश कार्यालय महामंत्री मुकेश पारीक, महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी, नहर के गणेश मंदिर, जयपुर में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठोड़, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा व डॉ. अपूर्वा सिंह, गोविंददेव जी मंदिर, जयपुर में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, अरूण चर्तुवेदी, अशोक परनामी, अमित गोयल, राजेंद्र राठौड़ शामिल होंगे। वहीं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत सुमेरपुर के जोधेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। इसके अलावा झारखंड महादेव मंदिर, जयपुर में आयोजित होने वाले देव दर्शन कार्यक्रम में राखी राठौड़, मदन प्रजापत, श्याम अग्रवाल, स्टेफी चौहान, श्रीब्रजनिधि मंदिर, जयपुर में ओंकार सिंह लखावत, भवानी शंकर, प्रमोद वशिष्ठ, सीआर चौधरी, हीरेंद्र कौशिक शामिल होंगे। इसके अलावा जिला स्तर के कार्यक्रम में सांसद, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधायक प्रत्याशी, उपखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक, विधायक प्रत्याशी व उपखंड स्तर के प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

