home page

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाएं घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया

 | 
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाएं घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया


जयपुर, 24 मई (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ में भाग लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन की शक्ति का प्रतीक है, जो निरंतर राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा, राष्ट्र प्रथम की भावना एवं जनसेवा के मूल मंत्र को आत्मसात कर कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हीं के प्रयासों से सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने पार्टी की रीति-नीतियों और विचारधारा पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में संगठन की गौरवशाली यात्रा, अंत्योदय के सिद्धांत, राष्ट्रसेवा के संकल्प तथा जनकल्याणकारी कार्यों को प्रदर्शित किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ जनसेवा के लिए समर्पित है और यही संगठन की सबसे बड़ी प्रेरणा एवं शक्ति है।

कार्यक्रम में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लाखावत, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जिला प्रभारी प्रभुलाल सैनी, जिला सह प्रभारी देवीशंकर भूतड़ा, जिला अध्यक्ष अमित गोयल, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, बगरू विधायक कैलाश वर्मा, प्रदेश कार्यालय मंत्री मुकेश पारीक, भवानी शर्मा, जिला महामंत्री नवरत्न, राजेश तांबी, रेखा राठौड़, भाजपा प्रत्याशी चंद्रमोहन बटवाड़ा, रवि नैय्यर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव