home page

संवित भोगिशैल परिक्रमा 14 को, विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे साधक

 | 
संवित भोगिशैल परिक्रमा 14 को, विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे साधक


जोधपुर, 09 जून (हि.स.)। परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज द्वारा स्थापित जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी के तत्वावधान में आगामी 14 जून को संवित भोगिशैल परिक्रमा का आयोजन किया जाएगा। परिक्रमा सुबह 6.30 बजे नेहरू पार्क दुर्गा बाड़ी के पास से बस द्वारा रातानाडा गणेशजी के मंदिर के लिए रवाना होगी। इस आध्यात्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में साधक एवं श्रद्धालु भाग लेकर जोधपुर के विभिन्न प्रमुख धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों के दर्शन करेगे।

भोगिशैल परिक्रमा में सन्त सरोवर सोमाश्रम अबुर्दाचल के महंत स्वामी संवित् सच्चिदानंद गिरि महाराज भी साथ में रहेंगे। भोगिशैल परिक्रमा यात्रा की व्यवस्था शेखर थानवी, संतोष पुरोहित, भरत सिंह सोढ़ा और इंदू प्रकाश शर्मा सहित अन्य साधक कर रहे हैं। जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी के अनिल राघवानी और शरद जोशी ने बताया कि सूर्यनगरी के चारों तरफ आई भोगिशैल पर्वत श्रृंखला का विशेष आध्यात्मिक महत्व है।

श्रीपुरुषोत्तम अधिक मास के लगातार एक माह के अनुष्ठान के तहत यह भोगिशैल परिक्रमा आयोजित की जा रही है। 14 जून को सर्वप्रथम रातानाडा गणेशजी के मंदिर दर्शन के बाद श्याम मनोहर मंदिर चौपासनी, चौखा श्रीजी की बैठक, बड़ली भेरूजी मंदिर, अरणा झरणा महादेव मंदिर, मंडलनाथ महादेव मंदिर के बाद परिक्रमा दईजर लाछा बासनी स्थित संवित धाम आश्रम पहुंचेगी। आश्रम में भगवती गिरि राजेश्वरी और गिरीश्वर महादेव का संक्षिप्त पूजन के बाद विश्राम होगा।

जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी के विनोद कल्ला और सतीश बोहरा ने बताया कि परिक्रमा यात्रा के दौरान बस में सामूहिक संवित संकीर्तन होगा। मंडलनाथ महादेव मंदिर प्रांगण में स्वामी संवित सच्चिदानंद गिरि महाराज का संक्षिप्त प्रवचन होगा तथा संवित धाम आश्रम में दोपहर विश्राम के बाद नियमित श्रीपुरुषोत्तम अनुष्ठान के तहत गीता का पाठ, श्रीविष्णु सहस्रनाम का पाठ, श्रीसूक्त और पुरुष सूक्त का पाठ होगा। वापस मंडोर स्थित काला गोरा भेरूजी मंदिर के दर्शन के बाद नेहरू पार्क के पास आकर भोगिशैल परिक्रमा पूर्ण होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश