home page

निगम ने तीन मंजिला अवैध निर्माण को किया सीज

 | 
निगम ने तीन मंजिला अवैध निर्माण को किया सीज


जयपुर, 09 जून (हि.स.)। अवैध निर्माणों के खिलाफ जयपुर नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में नगर निगम के सिविल लाइंस जोन की टीम ने मंगलवार को विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पास एक अवैध निर्माण को सीज कर दिया। निगम अधिकारियों ने बताया कि भूखंड पर नियमों के विपरीत बेसमेंट सहित तीन मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा था।

सिविल लाइंस जोन के उपायुक्त सुनील कुमार बैरवा ने बताया कि विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पिलर नंबर-87 के सामने स्थित गोवर्धन कॉलोनी के भूखंड संख्या एफ-6 निर्माण निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित भूखंड मालिक को पहले भी नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद मौके पर निर्माण कार्य जारी रखा गया। बार-बार चेतावनी और नोटिस की अवहेलना किए जाने के बाद निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए भवन को सीज करने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान निगम टीम ने भवन के प्रवेश मार्ग को सील कर दिया और निर्माण स्थल पर सीजिंग नोटिस चस्पा कर दिया। साथ ही मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश