आयुर्वेद विवि में मधुमेह को लेकर राष्ट्रीय संगोष्ठी कल
जोधपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ़ आयुर्वेद में मधुमेह (डायबिटीज) जैसे गंभीर एवं व्यापक जनस्वास्थ्य समस्या पर जन-जागरूकता एवं वैज्ञानिक विमर्श को सशक्त करने के उद्देश्य से पांच फरवरी को एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल करेंगे। यह संगोष्ठी रोग निदान, कौमारभृत्य एवं कायचिकित्सा विभाग द्वारा डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से आयुर्वेद एवं आधुनिक चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, शोधार्थी एवं विद्यार्थी भाग लेंगे।
संगोष्ठी के सह आयोजन सचिव प्रोफेसर दिनेश चंद्र शर्मा ने बताया कि यह संगोष्ठी पीजीआईए के सेमिनार हॉल में सुबह 8.45 बजे से सायं 4.45 बजे तक आयोजित होगी।
उद्घाटन सत्र में दीप प्रज्वलन एवं भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके पश्चात स्वागत संबोधन दिया जाएगा। संगोष्ठी में देश के विभिन्न राज्यों से 350 से अधिक प्रतिभागी पंजीकृत हैं, जिनमें आयुर्वेदिक एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धति से जुड़े चिकित्सक, अकादमिक विशेषज्ञ, शोधार्थी एवं स्नातक-स्नातकोत्तर विद्यार्थी सम्मिलित होंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित तीन वैज्ञानिक सत्रों में मधुमेह की आयुर्वेदिक अवधारणा, रोग की समन्वित चिकित्सा पद्धतियाँ, जीवनशैली सुधार की भूमिका, पंचकर्म एवं आहार-विहार आधारित उपचार, साथ ही आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता पर विस्तृत एवं तथ्यपरक चर्चा की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

