home page

मजीठा में ड्यूटी पर जा रहे एएसआई जोगा सिंह की गोली मारकर हत्या

 | 
मजीठा में ड्यूटी पर जा रहे एएसआई जोगा सिंह की गोली मारकर हत्या


- बाइक सवार हमलावरों ने मारी दो गोलियां, पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच

अमृतसर, 24 मई (हि.स.)।

अमृतसर के मजीठा इलाके में रविवार सुबह पंजाब पुलिस के एक एएसआई की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। ट्रैफिक पुलिस में तैनात एएसआई जोगा सिंह की हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार एएसआई जोगा सिंह सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे। इसी दौरान गांव हमजा के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एएसआई को दो गोलियां मारीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। थोड़ी ही देर में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी सोहेल मीर, डीएसपी कमलमीत सिंह और थाना मजीठा के एसएचओ करमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए। पुलिस को मौके से गोलियों के खोल भी बरामद हुए हैं।

अमृतसर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी सोहेल मीर के अनुसार घटना के पीछे के सही कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। एसएसपी ने बताया कि व्यक्तिगत रंजिश, टारगेट किलिंग और रोड रेज समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की गहन जांच जारी है।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH