home page

कपूरथला जेल में भिड़े कैदी, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर स्थिति संभाली

 | 

- झगड़े के दौरान जेल में दहशत फैलाने के लिए कई स्थानों पर आग भी लगाई गई

चंडीगढ़, 24 मई (हि.स.)। पंजाब के कपूरथला की केंद्रीय जेल में बैरक बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शनिवार की देर रात यहां कैदियों के दो गुटों में शुरू हुई झड़प रातभर चलती रही। कुछ घंटे तक कैदियों ने पूरी जेल को अपने कब्जे में रखा और भीतर से वीडियो जारी कर रहे। झगड़े के दौरान जेल में दहशत फैलाने के लिए कई स्थानों पर आग भी लगाई गई। रविवार अल सुबह तक सभी कैदियों को बैरकों में बंद करके स्थिति को नियंत्रित किया गया।

जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा कि कपूरथला जेल की बैरक नंबर चार में बीती रात कैदियों के बीच झगड़ा शुरू हुआ। करीब 100 से 150 कैदी अपनी बैरकों से बाहर आ गए। उन्होंने हंगामा किया और बैरक नंबर 4 में आग लगा दी। यह झगड़ा इतना बढ़ा कि कैदियों ने वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को खदेड़ दिया और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। कुछ कैदियों ने जेल में पड़े कचरे के ढेरों को आग लगानी शुरू कर दी। कुछ कैदी मशाल लेकर जेल की छत पर चढ़ गए और वीडियो बनाकर वायरल करने लगे। यहां की बैरक नंबर चार को भी आग के हवाले कर दिया गया।

डीआईजी सिंगला ने कहा कि जेल प्रबंधन से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कैदियों को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग भी की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल जेल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कैदियों को वापस उनकी बैरकों में भेजने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े गए। अब स्थिति काबू में है। इस घटना के बाद कपूरथला की एसडीएम इरविन कौर तथा एसएसपी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एक कैदी को आंसू गैस का गोला लगने से चोट आई है और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा कि जेल का कोई भी कैदी भाग नहीं पाया है और वे सभी जेल के अंदर ही हैं। यह घटना पूरी जेल में नहीं, बल्कि एक ब्लाक में हुई है। कपूरथला जेल में 10 से 12 ब्लॉक हैं और करीब 4,000 कैदी हैं। जेल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा