चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर दो फ्लाइट रद्द होने से यात्री परेशान
चंडीगढ़, 09 दिसंबर (हि.स.)। चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर मंगलवार सुबह दो फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच
गई और उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आज सुबह चंडीगढ़ हवाई अड्डे से सुबह 5:00 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट
और सुबह 5:45 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को अचानक रद्द कर
दिया गया। फ्लाइट रद्द होने की जानकारी एयरलाइन की तरफ से
देर रात और कुछ यात्रियों को सुबह एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दी गई।
यात्रियों ने बताया
कि उन्हें फ्लाइट रद्द होने का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। एयरपोर्ट
अधिकारियों ने बताया कि एयरलाइन की तरफ से ऑपरेशनल वजहों का हवाला देते हुए दोनों
उड़ानों को रद्द किया गया है। फ्लाइट रद्द होने के
बाद एयरपोर्ट पर रिफंड व री-शिड्यूलिंग काउंटर पर भी भीड़ लगी रही। एयरलाइन ने
यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ान में एडजस्ट करने या रिफंड लेने का विकल्प दिया है।
इस बीच एयरपोर्ट पर इसके लिए कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए गए हैं। कंट्रोल रूम
में यात्रियों की सुविधा के लिए सभी एयरलाइंस के अलग-अलग संपर्क नंबर जारी किए गए
हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

