home page

(लीड) मुख्यमंत्री ने हर्ष विहार के बिजली कनेक्शन पाने वाले 36 परिवारों से की मुलाकात

 | 
(लीड) मुख्यमंत्री ने हर्ष विहार के बिजली कनेक्शन पाने वाले 36 परिवारों से की मुलाकात


नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में हर्ष विहार (गोकुलपुरी) के ए-3 क्षेत्र के उन 36 परिवारों के लोगों से मुलाकात की जिन्हें वर्षों इंतजार के बाद बिजली कनेक्शन दिए गए। इस दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने इन परिवारों से संवाद करते हुए कहा कि हर्ष विहार ए-3 क्षेत्र के इन परिवारों ने बिजली कनेक्शन के लिए वर्षों तक प्रतीक्षा की है और आज उनके चेहरों पर दिखाई दे रही संतुष्टि इस बात का प्रमाण है कि संवेदनशील प्रशासन और समयबद्ध कार्रवाई लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला सकती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जन सुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों ने उन्हें अवगत कराया था कि वर्ष 2018 से क्षेत्र के अनेक परिवार नियमित बिजली कनेक्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए और मामले के शीघ्र समाधान के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

उन्होंने बताया कि हर्ष विहार के ए-3 क्षेत्र में वर्ष 2018 में लगभग 50 से 60 मकान बन चुके हैं और अनेक परिवार वहां निवास कर रहे हैं। लेकिन कॉलोनी विकसित होने के बावजूद बिजली व्यवस्था के लिए आवश्यक इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन (ईएसएस) के लिए भूमि उपलब्ध न होने के कारण क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पाई थी। इस वजह से अधिकांश परिवारों को बिना बिजली कनेक्शन के रहना पड़ रहा था।

मुख्यमंत्री के सीधे हस्तक्षेप के बाद संबंधित पक्षों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया और ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराई गई।

इसके बाद बिजली वितरण कंपनी द्वारा मिशन मोड में कार्य करते हुए ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया और पूरे क्षेत्र में आवश्यक विद्युत नेटवर्क का विस्तार किया गया। वर्तमान में क्षेत्र का विद्युतीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। साथ ही, पात्र आवेदकों के लिए बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। अब तक अधिकांश डिमांड नोट्स जारी किए जा चुके हैं और जल्द ही सभी परिवारों को नियमित बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के शेष परिवारों को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में किसी भी नागरिक को मूलभूत सुविधाओं के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव