एसआईआर पर भाजपा ने कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण की नसीहत दी
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया को पूरी तरह वैध करार देने के फैसले का भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को मेहनत करने के साथ-साथ आत्मनिरीक्षण की भी जरूरत है। यह संवैधानिक धरातल पर विपक्ष और कांग्रेस पार्टी की पराजय है।
भाजपा मुख्यालय में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने आज एसआईआर प्रक्रिया को पूर्णतः संविधान सम्मत सिद्ध कर दिया है। राजनीतिक पराजय के बाद और देश में अराजकता-अव्यवस्था उत्पन्न करने की नैतिक पराजय के बाद, अब संवैधानिक धरातल पर भी यह विपक्ष और कांग्रेस पार्टी की पराजय है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की समस्त संस्थाओं को अपनी राजनीतिक अक्षमता को ढंकने के लिए आरोपित करने और लांछित करने के सभी कुप्रयास आज सर्वोच्च न्यायालय के धरातल पर निष्फल सिद्ध हुए। एसआईआर प्रक्रिया को सर्वोच्च न्यायालय ने संविधान सम्मत माना है और चुनाव आयोग के अधिकार के अंतर्गत माना है। न्यायलय ने इसे निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए आवश्यक माना है।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने आज स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया को पूरी तरह वैध करार दिया। न्यायालय के फैसले के बाद अब देश के 19 राज्यों में मतदाता सूची की विशेष गहन समीक्षा का रास्ता साफ हो गया है।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने कहा कि चुनाव आयोग को संविधान के अनुच्छेद 324 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के तहत वोटर लिस्ट की जांच, संशोधन और सत्यापन करने का पूरा अधिकार है। एसआईआर नोटिफिकेशन को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज करते हुए कोर्ट ने साफ कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए साफ, पारदर्शी और अपडेटेड मतदाता सूची बेहद जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

