home page

महेसाणा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने बाइक और मोपेड को मारी टक्कर, दो की मौत, आठ घायल

 | 
महेसाणा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने बाइक और मोपेड को मारी टक्कर, दो की मौत, आठ घायल


महेसाणा, 24 मई (हि.स.)। गुजरात के महेसाणा जिले में विजापुर के मोतीपुरा गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब राजस्थान की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बाइक और मोपेड से जा टकराई।

जानकारी के अनुसार, कार चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार ने सड़क से गुजर रहे बाइक और मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों दोपहिया वाहन सड़क से उछलकर पास के खेत में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

इस हादसे में बाइक और मोपेड सवार दोनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में सवार आठ लोगों को गंभीर और सामान्य चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल विजापुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही विजापुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया की दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही माना जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे