home page

विकसित भारत का आधार सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी : सावित्री ठाकुर

 | 
विकसित भारत का आधार सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी : सावित्री ठाकुर


रायपुर, 09 जून (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल आर्थिक प्रगति का लक्ष्य नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, अवसरों की समानता, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए बेहतर अवसर तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का राष्ट्रीय अभियान है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण आधार है और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बिलासपुर में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते हुए सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर तेजी से उभरती हुई शक्ति के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। आयात-निर्यात, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्रों में देश निरंतर नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जब-जब देश के सामने चुनौतियां आई हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के साथ देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन और समावेशी विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। यह देश हम सभी का है और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।

सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना भारत को विश्व में श्रेष्ठ भारत, समृद्ध भारत और विकसित भारत के रूप में स्थापित करना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर कार्य करना होगा। विकसित भारत का सपना केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता और सामूहिक संकल्प से साकार होगा।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा आयुष्मान भारत योजना जैसी पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण, राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने, आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई, चंद्रयान मिशन की सफलता तथा प्रभावी विदेश नीति ने विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज विश्व भारत को एक मजबूत, आत्मविश्वासी और निर्णायक नेतृत्व वाले राष्ट्र के रूप में देख रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक धर्मजीत सिंह, जनप्रतिनिधिगण, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर