केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को पहुंचेंगे बीकानेर
बीकानेर, 24 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 25 और 26 मई को बीकानेर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भारत-पाक सीमा क्षेत्र का दौरा करने के साथ बीएसएफ जवानों से संवाद करेंगे तथा सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस दौरान बीकानेर पहुंचेंगे।
भाजपा के जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 25 मई की रात 10:20 बजे बीकानेर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद अमित शाह बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कृषि विश्वविद्यालय स्थित गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम और भूपेंद्र सैनी के साथ 25 मई को दोपहर 2:45 बजे रेल मार्ग से बीकानेर पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 मई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह कृषि विश्वविद्यालय हेलीपेड से रवाना होकर सीमा चौकी सांचू पहुंचेंगे। इसके कुछ समय बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बीएसएफ हेलीकॉप्टर से सीमा चौकी सांचू पहुंचेंगे। यहां दोनों नेता वृक्षारोपण कार्यक्रम, सैनिक सम्मेलन एवं बीएसएफ जवानों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। सुबह 11:10 बजे से 11:40 बजे तक दोनों नेता बीएसएफ की 179वीं वाहिनी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, जवानों की कार्यप्रणाली एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की परिस्थितियों की जानकारी भी ली जाएगी।
इसके बाद अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय बीकानेर पहुंचेंगे, जहां दोपहर 12:40 बजे महिला बैरकों के ई-उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे। महिला जवानों के लिए विकसित नई सुविधाओं को सीमा सुरक्षा बल की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक राजस्थान में भारत-पाक सीमा से जुड़े विभिन्न विषयों पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होगी। बैठक में सीमा सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं के विकास, सीमावर्ती क्षेत्रों की चुनौतियों तथा सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बीकानेर दौरा सीमा सुरक्षा और जवानों के मनोबल की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ जवानों से संवाद तथा सीमा क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा से सुरक्षा तंत्र को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही हैं। इस दौरे से सीमा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 26 मई को शाम 6:25 बजे बीकानेर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर लौटेंगे।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

