महाराष्ट्र में चार आईएएस अधिकारियों का तबादला
मुंबई, 09 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने चार आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इसमें डॉ. माधवी खोडे-चावरे और सुनील महिंद्रकर का नाम शामिल है।
राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को जारी किए गए आदेश के अनुसार नागपुर की अतिरिक्त विभागीय आयुक्त डॉ. माधवी खोडे-चावरे को अल्पसंख्यक विकास विभाग, मंत्रालय के सचिव पद पर भेजा गया है। सुनील महिंद्रकर को अतिरिक्त स्टाम्प नियंत्रक, मुंबई के पद पर तैनात किया गया है। अकोला जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनीता मेश्राम को आयुक्त, MGNREGS, नागपुर के पद पर नियुक्त किया गया है। इसी तरह छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद) में महावितरण के क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त प्रबंध निदेशक आदित्य जीवने को जलगांव मनपा के आयुक्त पद पर तैनात किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

