home page

26 मई से ‘टीबी-फ्री मुंबई’ अभियान

 | 

मुंबई, 24 मई (हि.स.)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को टीबी मुक्त बनाने के लिए 26 मई से अभियान चलाया जाएगा। महाराष्ट्र लोक भवन और मुंबई मनपा के साझे में ‘टीबी-फ्री मुंबई’ मुहिम चलाने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में टीबी के मामलों की समय पर पहचान, उपचार और बीमारी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।

इस अभियान के तहत महानगर के घनी आबादी वाले इलाकों, झोपड़पट्टियों और टीबी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करेंगे और जरूरत पड़ने पर उनकी जांच कराई जाएगी। मनपा का स्वास्थ्य विभाग इस अभियान का नेतृत्व करेगा, जबकि महाराष्ट्र लोक भवन सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों को जोड़कर जनभागीदारी सुनिश्चित करेगा। अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा संगठनों, रेड क्रॉस, शैक्षणिक संस्थानों और सामुदायिक समूहों को भी शामिल किया जाएगा।

मनपा अधिकारियों के अनुसार मरीजों को चिकित्सा सहायता के साथ पोषण संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा। मुंबई जैसे महानगर में टीबी उन्मूलन के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं. इसके लिए नागरिकों, सामाजिक संगठनों और स्वास्थ्य संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति में लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल जांच कराएं और ‘टीबी-फ्री मुंबई’ अभियान में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार