श्रीकांत शिंदे दूसरी बार ‘संसद रत्न अवॉर्ड’ से सम्मानित
मुंबई, 24 मई (हि.स.)। देश की संसद में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सांसदों को दिया जाने वाला प्रतिष्ठित “संसद रत्न अवॉर्ड 2026” शिवसेना शिंदे गुट के सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे को दिया गया है। खास बात यह है कि 2024 के बाद यह दूसरी बार है जब उन्हें यह सम्मान मिला है। उन्हें संसद में जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से पेश करने, चर्चाओं में भाग लेने और छह महत्वपूर्ण प्राइवेट बिल पेश करने के आधार पर चुना गया है।
संसद रत्न अवॉर्ड कमेटी ने इस साल देश भर से 10 लोकसभा सांसदों, 2 राज्यसभा सांसदों और 4 संसदीय समितियों के सदस्यों को चुना है। सांसदों का चयन उनकी उपस्थिति, चर्चाओं में भाग लेने, सवालों की गुणवत्ता और जनहित के मुद्दों पर फॉलो-अप के आधार पर किया जाता है। श्रीकांत शिंदे ने संसद में डीपफेक रेगुलेशन, डिजास्टर रिलीफ वेलफेयर, गोरक्षा, अनाथ बच्चों का विकास, एजुकेशन रिफॉर्म और एडवोकेट रिफॉर्म जैसे छह प्राइवेट बिल पेश किए थे। उन्होंने रेलवे, स्वास्थ्य, रोजगार, शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों पर लगातार अपनी आवाज़ उठाई।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद उन्होंने भारत सरकार के एक सर्व दलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था और यूएई, लाइबेरिया, सिएरा लियोन और कांगो में आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष असरदार तरीके से पेश किया था। उनके इस काम को काफी सराहा गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

