उद्धव ठाकरे को झटका, कई नेता भाजपा में शामिल
मुंबई, 24 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री व शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे को वाशिम जिले में बड़ा झटका लगा है। पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें जय महाराष्ट्र कहते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है। ठाकरे सेना के वाशिम जिले के जिलाध्यक्ष सुरेश मापारी ने रविवार को करीब डेढ़ सौ समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की उपस्थिति में सभी नेताओं ने भाजपा में प्रवेश किया। मापारी के साथ युवा सेना जिला प्रमुख नितीन मडके, उपनगराध्यक्ष राजू भांदुर्गे और आशीष इंगोले सहित जिले के कई बड़े स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम चितलंगे और विधायक शामभाऊ खोडे भी मौजूद थे। रविंद्र चव्हाण ने कहा कि इन सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए भाजपा में प्रवेश किया है। इस विश्वास को कभी टूटने नहीं दिया जाएगा। भाजपा मजदूरों, किसानों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगी।
भाजपा में शामिल होने के बाद सुरेश मापारी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है, असली पिक्चर अभी बाकी है। वाशिम जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

