सीएसएमटी स्टेशन पर शुरू होगा काम, कई ट्रेनें होंगी प्रभावित
मुंबई, 24 मई (हि.स.)। सेंट्रल रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के तहत प्लेटफॉर्म 16 और 17 पर बुनियादी ढांचा और आधुनिकीकरण कार्य करने वाला है। इसलिए 29 मई से अगले 10 दिनों का ट्रैफिक और पावर ब्लॉक घोषित किया गया है। इससे लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को सीएसएमटी तक लाने के बजाय दादर और ठाणे में ही समाप्त किया जाएगा।
मध्य रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्य रेल भूमि विकास प्राधिकरण की ओर से चल रही सीएसएमटी पुनर्विकास परियोजना का हिस्सा है। प्लेटफॉर्मों पर नींव और अन्य आवश्यक संरचनात्मक कार्य पूरे करने के लिए यह ब्लॉक जरूरी है। ब्लॉक अवधि के दौरान अमरावती-सीएसएमटी एक्सप्रेस, नंदीग्राम एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस, कोणार्क एक्सप्रेस, बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, लातूर एक्सप्रेस और मडगांव-सीएसएमटी तेजस एक्सप्रेस को दादर में ही समाप्त किया जाएगा। वहीं मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस ठाणे तक ही चलेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का संशोधित समय और टर्मिनेशन स्टेशन जरूर जांच लें, ताकि अंतिम समय में परेशानी से बचा जा सके। रेल अधिकारियों के मुताबिक यह अस्थायी असुविधा भविष्य में बेहतर यात्री सुविधाओं और आधुनिक स्टेशन निर्माण के लिए जरूरी है। ब्लॉक अवधि के दौरान सीएसएमटी पर ट्रेन में चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

