मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विशेषांक का रवींद्र नाट्य मंदिर में होगा विमोचन
मुंबई, 24 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र प्रदेश कार्यालय की ओर से सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री के कार्यकाल के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर एक कार्यक्रम किया जाएगा। इस ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर पर ‘राष्ट्र निर्माण की तपपूर्ति’ इस विशेष संग्रहणीय अंक का विमोचन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे। इस मौके पर भाजपा महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण भी उपस्थिति रहेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चव्हाण ने रविवार को बताया कि नरेन्द्र मोदी ने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उस ऐतिहासिक घटना के एक तप 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इसकी पूर्व संध्या पर प्रभादेवी स्थित रवींद्र नाट्य मंदिर में शाम 4 बजे इस विमोचन समारोह का आयोजन किया गया है। इस विशेषांक में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश के विकास यात्रा, महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों तथा विभिन्न क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों और कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया है। यह कार्यक्रम विशेष रूप से वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों, राजनीतिक संपादकों और पत्रकार बंधुओं सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के लिए आयोजित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

