महाराष्ट्र के चंद्रपुर में चार महिलाओं को मारने वाली आदमखोर बाघिन पकड़ी गई
मुंबई, 24 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के सिंदेवाही तालुका के गुंजवाही जंगल इलाके में तेंदू पत्ता इकट्ठा करने गई चार महिलाओं को मारने वाली बाघिन को फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने पकड़ लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इंसानों के लिए खतरनाक बन चुकी लगभग 14 साल की मादा बाघिन टी-2 को पकडऩे के लिए वन विभाग की एक टीम ने शनिवार रात को पवनपार झील के पास जाल बिछाया था। इसके बाद बाघिन को बेहोश करने के लिए डार्ट गन का इस्तेमाल किया गया और ट्रेंक्विलाइज़ होने के बाद उसे पकड़ लिया गया।
इसके बाद में उसे आगे की जांच के लिए नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है। यह ऑपरेशन तब शुरू किया गया जब दो दिन पहले गुंजेवाही-पवनपार जंगल के इलाके में तेंदू पत्ता इकट्ठा करते समय अलग-अलग हमलों में चार महिलाओं की मौत हो गई थी। इससे गांव वालों में गुस्सा फैल गया और फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के काम की आलोचना होने लगी थी।
वन विभाग के अनुसार बाघिन को ट्रैक करने के लिए, डिपार्टमेंट ने कई टीमें तैनात कीं और जंगल के इलाके में चार पिंजरे और करीब 20 कैमरा ट्रैप लगाए थे। ऑपरेशन के दौरान ड्रोन सर्विलांस और फुटप्रिंट ट्रैकिंग का भी इस्तेमाल किया गया। बाघिन ब्रह्मपुरी फॉरेस्ट डिवीजन के सिंदेवाही रेंज के तहत गुंजेवाही राउंड, पवनपार-1 बीट और कम्पार्टमेंट नंबर 282 इलाके में घूम रही थी। बाघिन के पकड़े जाने के बाद गांव वालों ने राहत जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

