ठाणे जिले में पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार
मुंबई, 24 मई (हि.स.)। ठाणे जिले में स्थित टिटवाला इलाके में रविवार को सुबह पत्नी की हत्या करने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की गहन छानबीन टिटवाला पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि टिटवाला में सतीश वाघे अपनी पत्नी सारिका उर्फ रुखसार वाघे के साथ रहते थे। सतीश वाघे को उसकी पत्नी के चरित्र पर शक था, इसलिए दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहता था। आज सुबह भी इन दोनों के बीच तीखी बहस हुई। बहस बढऩे के बाद सतीश वाघे ने गुस्से में आकर घर में रखे गमले से अपनी पत्नी के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में सारिका उर्फ रुक्सार वाघे गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने इलाज से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर टिटवाला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपित सतीश वाघे को गिरफ्तार कर लिया गया और टिटवाला पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

