ठाणे में 25,000 लीटर अवैध डीज़ल जब्त , 8 के विरुद्ध मामला दर्ज
मुंबई, 24 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने मुंबई-नासिक हाइवे पर खारीगांव टोल नाके के पास रविवार को 24.5 लाख रुपये कीमत का 25,000 लीटर अवैध रूप से ले जाए जा रहे डीजल ज़ब्त कर लिया। कलवा पुलिस स्टेशन की टीम ने इस मामले में टैंकर मालिक और ड्राइवर समेत आठ लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह राज्य सरकार के आपूर्ति विभाग के अधिकारी पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी रोक ने के लिए खारीगांव में नियमित जांच कर रहे थे। तभी उनकी नजऱ एक टैंकर पर पड़ी, जिसमें बिना किसी वैध परमिट या पेट्रोलियम उत्पादों के परिवहन के लिए ज़रूरी अनिवार्य अनुमति के 25,000 लीटर डीज़ल ले जाया जा रहा था। इसकी जानकारी तत्काल आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने कलवा पुलिस स्टेशन को दी। इसके बाद पुलिस ने डीजल सहित टैंकर जब्त कर लिया है। इस घटना की गहन छानबीन की जा रही है और अभी तक इस मामले में अभी तक कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

