राजगढ़ः गंगा दशहरा पर ब्यावरा में जल संरक्षण अभियान का आयोजन, राज्यमंत्री पंवार होंगे मुख्य अतिथि
राजगढ़, 24 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेष के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जल संरक्षण संकल्प को मजबूती देने के लिए सोमवार, 25 मई को “जल संरक्षण एवं जल संवर्धन अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की इस जनहितकारी पहल के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण व जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत ब्यावरा शहर स्थित गुलाबशाह जी बावड़ी के समीप निर्मित पेयजल टंकी के पास प्रस्तावित सपवेल निर्माण कार्य के भूमिपूजन से होगी। इसके साथ ही गुलाबशाह जी की प्राचीन बावड़ी, गंगा मंदिर परिसर और अजनार नदी तट पर सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, संवर्धन और पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन को लेकर जन-जन में जागरूकता फैलाना है।
राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश जल संरक्षण को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल स्रोतों का संरक्षण सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह विशेष कार्यक्रम सोमवार शाम 4 बजे गुलाबशाह जी की बावड़ी, गंगा मंदिर परिसर और अजनार नदी तट पर आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

