'शक्तिपीठ हाईवे' के विरोध में उतरे किसान
मुंबई, 09 जून (हि.स.)। राज्य के 12 जिलों से गुजरने वाले प्रस्तावित शक्तिपीठ हाईवे के खिलाफ किसानों ने मंगलवार को कोल्हापुर में विरोध प्रदर्शन किया। इस आदोलन के दौरान किसानों और पुलिस के बीच हल्की नोंकझोंक भी हुई।
नागपुर से गोवा तक प्रस्तावित 'शक्तिपीठ हाईवे' के खिलाफ कोल्हापुर में किसानों और कई दलों के नेताओं ने एक बड़ा मोर्चा निकाला। विधायक सतेज पाटिल और पूर्व सांसद राजू शेट्टी के नेतृत्व में यह मोर्चा दशहरा चौक से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाला गया। किसानों का आरोप है कि इस हाईवे से हजारों एकड़ खेती की जमीन पर असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इससे पश्चिमी महाराष्ट्र में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि इस हाइवे को रद्द कर दिया जाए क्योंकि इससे स्थानीय किसानों और बगायतदारों को भारी आर्थिक नुकसान होगा.
इस दौरान एक किसान विरोध स्थल पर भैंसा लेकर आ गया। हालांकि पुलिस ने किसान को भैंसा ले जाने से रोक दिया। इस बार प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बहस भी हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

