महाराष्ट्र के हर जिले में ‘सीईटी सेल स्टूडेंट सपोर्ट सेंटर’ की होगी स्थापाना
मुंबई, 09 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के हर जिले में ‘सीईटी सेल स्टूडेंट सपोर्ट सेंटर’ की स्थापाना की जाएगी। इसके माध्यम से छात्रों को सीईटी परीक्षा, सेंट्रलाइज्ड एडमिशन प्रोसेस (CAP), स्कॉलरशिप स्कीम और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में सही जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। यह घोषणा मंगलवार को उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने की।
शिक्षा मंत्री पाटिल की अध्यक्षता में मंत्रालय में एक बैठक हुई। इस बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसमें सभी ज़िलों में सीईटी स्टूडेंट सपोर्ट सेंटर्स खोले जाने के संबंध में समीक्षा की गई। पाटिल ने कहा कि छात्रों को उनके अपने ही जिले में उनके भविष्य के लिए एडमिशन प्रोसेस के हर स्टेज पर भरोसेमंद जानकारी और सही मार्गदर्शन देने के लिए सेंटर्स शुरू किए गए हैं। ये सेंटर्स इसलिए शुरू किए गए हैं ताकि गांव और दूर-दराज के इलाकों के विद्यार्थियों को एडमिशन से जुड़े कामों के लिए बार-बार बड़े शहरों में न जाना पड़े। उन्हें अपने ही ज़िले में एडमिशन प्रोसेस, अलग-अलग स्कॉलरशिप योजनाओं की जानकारी और जरूरी मिल सकेगा। छात्रों को एकेडमिक काउंसलिंग के साथ-साथ इंटर्नशिप और नौकरी के मौकों के बारे में गाइड किया जाएगा। एप्लीकेशन फॉर्म भरने, एप्लीकेशन फीस का पेमेंट करने, दस्तावेज अपलोड करने, हॉल टिकट से जुड़ी दिक्कतों और CAP/CET फॉर्म पर गाइडेंस देने में मदद की जाएगी।
राज्य के 36 ज़िलों में कुल 40 सीईटी स्टूडेंट हेल्प सेंटर्स शुरू किए जा रहे हैं। इनमें मुंबई में तीन, पुणे में दो और नागपुर में दो होंगे। इसमें से 26 सेंटर्स का काम पूरा हो चुका है और छह सेंटर्स अंतिम चरण में हैं। बाकी आठ सेंटर्स भी जल्द ही शुरू हो जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

